क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 टीम ने दिल्ली बॉर्डर पर (मोलड़बंद) रहने वाले मनीष उर्फ कचरा और उसके ताऊ अशोक कुमार को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया। दोनों के पास से पुलिस ने 56 हजार रुपये, सोने चांदी के जेवर, गैस सिलेंडर आदि सामान बरामद किया। दोनों ने स्वीकार किया कि यह माल उन्होंने शहर में विभिन्न जगहों पर की गई आठ चोरियों के दौरान जमा किया था।
एसीपी क्राइम राजेश चेची ने बताया कि मनीष उर्फ कचरा शातिर चोर है, इससे पहले भी वह दिल्ली में तीन बार और फरीदाबाद में एक बार चोरी के जुर्म में जेल जा चुका है। मनीष ने बताया कि उसने अधिकतर चोरियां सराय ख्वाजा थानाक्षेत्र में कीं। वह अकेले ही वारदात अंजाम देता है कभी कभार सलमान नाम के युवक के साथ वारदात अंजाम देता था। वह पहले सुनार का काम करता था इसलिए जेवर गला कर सोने के रूप में बेचता था।
चोरी की कमाई से इकट्ठा रुपयों से वह ताऊ अशोक की मदद से बरेली, यूपी में प्लॉट खरीदकर घर बनवा रहा है। कचरा ने बताया कि वह सीमा में उलझाने की वजह से फरीदाबाद में वारदात कर दिल्ली भाग जाता था। एसीपी क्राइम राजेश चेची ने बताया कि फरार आरोपी सलमान को भी गिरफ्तार किया जाएगा।