नीमका जेल में बंद जीता हत्याकांड के आरोपी प्रदीप उर्फ सिकरा ने रविवार को ब्लेड खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। जेल अधीक्षक की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने बंदी के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
गौरतलब है कि 11 फरवरी 2014 में रेवाड़ी कोर्ट कैंपस में बदमाश जीतराम उर्फ जीता को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करने के आरोपी प्रदीप उर्फ सिकरा को हाल ही में सिरसा जेल से नीमका जेल लाया गया था। इस गैंगस्टर पर 13 गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, चोरी और डकैती का मामला शामिल है।
15 दिसंबर को जेल प्रशासन की जांच के दौरान प्रदीप के पास मोबाइल भी बरामद हुआ था। इसके बाद 18 दिसंबर को उसने ब्लेड खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। आननफानन में उसे बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। जेल उप अधीक्षक रोहन हुड्डा की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।