सेक्टर-4 निवासी टेलीकॉम कंपनी की अधिकारी के घर से बृहस्पतिवार को मेड करीब 15 लाख की ज्वैलरी लेकर भाग गई।
घटना का पता तब चला जब महिला बच्चों के साथ मार्केट से लौटी। देर रात तक तलाश करने के बाद महिला ने शुक्रवार को थाना इंदिरापुरम में शिकायत दी।
वैशाली सेक्टर-4 निवासी मेरी जोसफ एक टेलीकॉम कंपनी में अधिकारी हैं। वह यहां अपने बेटे के साथ रहती हैं। मेरी बृहस्पतिवार देर शाम करीब आठ बजे बेटे के साथ खरीदारी करने मार्केट गई थी।
उनकी मेड जैसमीन मंडल घर पर अकेली थी। करीब दस बजे जब वह लौटीं तो फ्लैट का दरवाजा खुला था। देखा तो अलमारी खुली मिली और अंदर से 15 लाख के जेवरात गायब थे।
उन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। साथ ही जिस एजेंसी के जरिए मेड को रखा था उसके संचालक को फोन किया। एसएचओ इंदिरापुरम गोरखनाथ यादव ने बताया कि शिकायत लेकर मेड की तलाश की जा रही है।