नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के गुलावली गांव में रहने वाले सुपरवाइजर के घर से चोर लाखों रुपये के आभूषण व नकदी चोरी कर फरार हो गए। परिवार के एक कमरे में सोने के दौरान चोरों ने बाहर से दरवाजे की कुंडी लगाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
गुलावली गांव निवासी अमित ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा है कि वह नोएडा में स्थित एक फैक्ट्री में सुपरवाइजर है। रोज की तरह सोमवार रात परिवार के लोग घर में सो रहे थे। देर रात घर में चोर घुसे और उनके कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी। चोरों ने घर में मौजूद कुत्ते को नशीला बिस्कुट खिला दिया।
इससे वह सो गया। इसके बाद चोर एक लाख 28 हजार रुपये नकद व 25 तोला सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। नॉलेज पार्क कोतवाली प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
दंपति के विवाद में ग्रामीण पर कार्रवाई का आरोप
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर निवासी राजबीर सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति पत्नी से मारपीट कर रहा था। इसकी शिकायत राजबीर सिंह ने 100 नंबर पर कॉल कर की।
आरोप है कि पुलिस उसे जबरन कोतवाली ले गई और रात भर हवालात में रखा। इसके बाद राजबीर का पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में चालान कर दिया। राजबीर सिंह ने आलाधिकारियों से दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।