फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किरायेदार बनकर आए बदमाशों ने सरेआम की हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
दिल्ली के शकरपुर इलाके में सोमवार सुबह दिन-दहाड़े घर के दरवाजे पर बदमाशों ने ज्वेलर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त राकेश ठाकुर (32) के रूप में हुई है। सुबह फ्लैट किराए पर लेने की बात कर बदमाशों ने राकेश का दरवाजा खुलवाया और उन्हें गोली मार दी।
विज्ञापन


फरार होते समय बदमाश गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस सीसीटीवी फुटेज से मामले की छानबीन कर रही है।

राकेश के परिवार ने उनके ही छोटे भाई राजेश पर प्रॉपर्टी विवाद की वजह से हत्या करवाने का आरोप लगाया है। शकरपुर थाना पुलिस परिवार के लोगों से पूछताछ कर हकीकत का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
विज्ञापन

दरवाजा खुलते ही बरसा दी गोलियां

पुलिस के मुताबिक राकेश परिवार के साथ मकान नंबर-166, गली नंबर-11, पहली मंजिल, गुरुअंगद नगर में रहते थे। इनके परिवार में पत्नी एकता व पांच और एक साल के दो बेटे हैं। तीसरी मंजिल पर राकेश का एक फ्लैट और है जो फिलहाल खाली पड़ा है।

राकेश का घर में सोने के जेवरात बनाने का काम था। सोमवार सुबह करीब 9.00 बजे बाइक सवार दो बदमाश राकेश के घर पहुंचे। दोनों ने हेलमेट लगाया हुआ था। एक बदमाश उनकी बिल्डिंग के नीचे खड़ा रहा, जबकि दूसरा पहली मंजिल उनके दरवाजे पर पहुंचा।

बदमाश ने डोर बेल बजाई और राकेश को आवाज दी। राकेश के दरवाजे पर पहुंचते ही बदमाश ने ऊपर वाला फ्लैट किराए पर लेने की बात कर दरवाजा खुलवाया।

जैसे ही राकेश ने दरवाजा खोला बदमाश ने पिस्टल निकालकर उन पर गोलियां चला दी। दो गोली उनके सीने में लगी, जबकि एक उनके जबड़े में लगी। गोली की आवाज सुनकर मोहल्ले में हड़कंप मच गया। बदमाश अपनी बाइक से फरार हो गए।
विज्ञापन

हत्या की साजिश में छोटे भाई का हाथ?

पड़ोसियों की मदद से एकता राकेश को एलएनजेपी अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने घटना स्थल से तीन खाली खोखे और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस को राकेश की गली में तीन जगह सीसीटीवी कैमरे मिले। एक ही जगह की फुटेज में बदमाश कैद हो पाए। पुलिस उसके आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।

राकेश के साले त्रिलोक ने बताया कि राकेश के एक बड़े भाई रमेश व छोटा भाई राजेश है। रमेश अपने परिवार के साथ शकरपुर में ही रहते हैं, जबकि राजेश न्यू उस्मानपुर तीसरे पुश्ते पर रहता है। न्यू उस्मानपुर में तीनों भाईयों की पुश्तैनी जमीन है, उसी को लेकर राकेश और राजेश में विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है।

त्रिलोक का कहना है कि कुछ दिनों पूर्व राजेश ने राकेश को जान से मारने की धमकी दी थी। राकेश की पत्नी और साले त्रिलोक ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या में राजेश का ही हाथ है। रविवार को वह आगरा जाने की बात कर घर से निकला है। पूर्वी जिला पुलिस ने एक टीम उसकी तलाश में आगरा भेज दी है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें