भुआपुर मोड़ स्थित खल-बिनौले की दुकान के मालिक कुलदीप नागर को सोमवार सुबह दो युवक गोली मार कर फरार हो गए। उन्हें लोगों ने गंभीर हालत में सेक्टर 16 स्थित मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया।
कुलदीप के पिता ज्ञानी ने तिगांव निवासी भारत और अतिंद्र के खिलाफ बेटे की हत्या करने के प्रयास का केस दर्ज कराया। मामला रंजिश में गोली मारने का बताया जा रहा है।
तिगांव निवासी कुलदीप खल बिनौले की खरीद फरोख्त का काम करते हैं। पिता ज्ञानी के मुताबिक कुलदीप सोमवार सुबह दुकान खोल कर पूजा पाठ कर रहा था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले अतिंद्र और भारत बाइक से पहुंचे और बेटे पर गोलियां चला दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोली लगने के बावजूद कुलदीप ने हमलावरों से हाथापाई करने का प्रयास किया। इसमें हमलावर के हाथ से पिस्तौल गिर गई। हड़बड़ी में दोनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
गोलियां चलने की आवाज सुनकर आस पास के दुकानदार मौके पर इकट्ठा हुए और घायल कुलदीप को अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर तिगांव एसएचओ इंस्पेक्टर राधेश्याम, क्राइम ब्रांट टीम और एसीपी बलबीर ने मौके पर पहुंच कर वारदात की जानकारी ली।
फोरेंसिक टीम के एक्सपट्र्स ने मौके का मुआयना कर पिस्तौल, कारतूस आदि सुबूत कब्जे में लिए। एसएचओ राधेश्याम ने बताया कि कुलदीप और अतिंद्र-भारत पक्ष के बीच रंजिश चली आ रही है। एक बार पंचायत में दोनों पक्ष के बीच फैसला भी कराया जा चुका है। बावजूद इसके सोमवार को कुलदीप की हत्या का प्रयास किया गया। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।