शादी से इनकार करने पर युवक ने प्रेमिका की बहन के सात साल के बेटे को अगवा कर लिया। परिवार वालों से पांच लाख की फिरौती मांगी। शिकायत मिलने के 24 घंटे बाद पुलिस ने आरोपी समेत तीन को दबोच लिया। उनके कब्जे से बच्चा बरामद कर लिया गया है। पकड़ा गया एक बदमाश नाबालिग है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विजयंता आर्य न बताया कि सुभाष प्लेस इलाके में रहने वाली रिंकी शाह ने 25 फरवरी को सात साल के बेटे पवन के अपहरण की शिकायत दी। महिला ने बताया कि स्कूटी सवार दो युवक बच्चे को ले गए हैं।
पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। रविवार सुबह अपहरणकर्ताओं ने महिला को फोन कर पांच लाख की फिरौती मांगी। दोपहर तीन बजे दोबारा फोन कर जगह बताने की बात कही। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने फोन नंबर की जांच की तो नंबर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन स्थित एक पीसीओ का निकला।