नोएडा के छलेरा गांव में बारात की चढ़त के दौरान मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हमला करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक छलेरा गांव में नांगलोई दिल्ली से जितेंद्र की बारात सतपाल के घर आई थी। बारात चढ़त के दौरान बारातियों का गली में खड़े स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर युवकों ने बारातियों के साथ मारपीट कर दी और उनकी कार में पथराव कर तोड़फोड़ की। इसकी जानकारी जब अन्य बारातियों को हुई तो उन्होंने वहां मौजूद स्थानीय युवकों पर रॉड व चाकुओं से हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान छलेरा निवासी सौरभ चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं, रविंद्र और उसकी मां के साथ भी बारातियों ने मारपीट की। घटना की सूचना पाकर मौके पर थाना सेक्टर-39 पुलिस पहुंच गई।
पुलिस ने घायल अरुण के पिता की शिकायत पर जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर नांगलोई निवासी मुकेश व अक्षत्र गौड़ को गिरफ्तार कर लिया, जो दूल्हा जितेंद्र के चाचा हैं।
अरुण चौहान ने बताया कि उनका बेटा घायल सौरभ सेक्टर-126 एचसीएल कंपनी में काम करता है। जो घटना के वक्त ड्यूटी जा रहा था। गली में बाराती शराब पी रहे थे और आने जाने वाले लोगों से अभद्रता कर रहे थे। जिस पर सौरभ व अन्य युवकों ने टोका तो बारातियों ने हमला बोल दिया। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों का कहना है कि स्थानीय युवकों ने बारातियों के साथ अभद्रता की और कार में तोड़फोड़ की है। उन्होंने ही पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना भी दी थी।