ट्रांसपोर्टर को बंधक बनाकर हनीट्रैप कर तीन करोड़ रुपये की फिरोती मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी महिला पायल को जेल भेज दिया है जबकि अन्य आरोपी रविन्द्र को तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
बता दें कि सेक्टर-50 थाना क्षेत्र में एक ट्रांसपोर्टर को कुछ लोगों ने अगवा कर लिया था। उसे तीन दिन तक जयपुर में एक फ्लैट में बंधक बनाकर रखा था। आरोप है कि इस दौरान उसका अश्लील वीडियो बनाया गया और उससे तीन करोड़ रुपये फिरौती मांगी गई।
पीड़ित रुपयों का इंतजाम करने के बहाने से आरोपियों के चुंगल से भाग निकला। कुछ रुपये व जेवरात भी उसने आरोपियों को दिए थे। इस मामले में पुलिस ने चार टीमें गठित की थी। टीमों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए बुधवार को मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
आरोपी रविन्द्र होंडा कंपनी में काम करता था जिसने फ्लैट खरीदने के लिए प्लान बनाया था। इसमें उसका साथ पकड़ी गई महिला साथी पायल व दो अन्य युवक शामिल थे। एसीपी सदर अनिल कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से पायल को जेल भेज दिया गया है जबकि अरोपी रविन्द्र को तीन दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों के साथी का पता लगाकर उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।