फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चेन्नई-देहरादून एक्सप्रेस में बदमाशों ने की लूट

Sun, 29 Jun 2014 12:50 AM IST
अमर उजाला, गाजियाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
बेखौफ लुटेरों ने शुक्रवार रात देहरादून-चेन्नई एक्सप्रेस पर धावा बोलकर यात्रियों से लूटपाट की। विरोध करने पर लुटेरों ने यात्रियों से मारपीट भी की। लूट की इस वारदात की सूचना पर गाजियाबाद से लेकर सहारनपुर तक के जीआरपी अधिकारी रात भर दौडते रहे।
विज्ञापन


रात भर ऑपरेशन चलाकर गाजियाबाद जीआरपी अधिकारियों ने वारदात को अंजाम देने वाले तीन-चार बदमाशों को धर दबोचा। लेकिन जीआरपी अधिकारी फिलहाल खुलासा नहीं कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि पुलिस इनकी निशानदेही पर माल बरामद कर रविवार को घटना का खुलासा करेगी।

सूत्रों के मुताबिक चेन्नई से देहरादून जा रही ट्रेन जैसे ही देर रात हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से आगे बढ़ी बदमाशों ने यात्रियों से हथियारों के बल पर लूटपाट शुरू कर दी। इसका पता चलते ही गाड़ी में मौजूद गाजियाबाद जीआरपी टीम हरकत में आ गई।
विज्ञापन


काफी प्रयास के बाद तीन-चार बदमाश पकड़ लिए गए और उन्हें गाजियाबाद उतार लिया गया, लेकिन बाकी बदमाशों के बारे में आगे के स्टेशनों और थानों को अलर्ट किया गया।

इससे मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जीआरपी टीम भी बदमाशों की धरपकड़ के लिए दौड़ती रही। दूसरी ओर, खुद को घिरता हुआ देख बदमाश टपरी और रोहाना के बीच चेन पुलिंग कर फरार हो गए।

जीआरपी सूत्रों का कहना है कि बदमाशों और पुलिस की ओर से फायरिंग भी हुई। हालांकि गाजियाबाद जीआरपी पूरी घटना को छुपा रही है। लेकिन एसपी जीआरपी आनंद कुलकर्णी ने इसकी पुष्टि की है।

बताया जा रहा है कि बदमाशों में एक गाजियाबाद का रहने वाला है। माना जा रहा है कि रविवार को इस वारदात का खुलासा कर बदमाशों की गिरफ्तारी भी दिखाई जाएगी।

उधर, सहारनपुर जीआरपी इंचार्ज सीपी सिंह का कहना है कि ट्रेन में न तो यहां के किसी सिपाही को कोई चोट पहुंची है और न ही किसी यात्री की ओर से लूटपाट के बारे में तहरीर दी गई है।

दो महिलाओं से चेन स्नेचिंग की रही चर्चा
चेन्नई एक्सप्रेस में लूटपाट और बदमाशों की धरपकड़ के खेल के बीच यह गाड़ी करीब एक घंटा देरी से सहारनपुर पहुंची। यहां कुछ यात्रियों ने बताया कि आंध्र प्रदेश की महिला यात्री सुशीला और चंडीगढ़ की महिला सुशीला से चेन लूटी गई, लेकिन जीआरपी ने इनकी ओर से भी थाने में तहरीर आने से इनकार किया।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें