दक्षिण जिले के वसंत विहार इलाके में एक और युवती का नग्नावस्था में शव मिला है। युवती का शव गटर में पड़ा हुआ था और सड़-गल चुका था। युवती का सिर गायब था। शनिवार देर शाम तक युवती की पहचान नहीं हो पाई थी। पिछले सप्ताह भी वसंत विहार इलाके में युवती की शव मिला था। उस युवती केशव की भी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
दक्षिण जिले की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नुपूर प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार देर रात सूचना मिली थी कि मुनिरका गांव में घर नंबर-सात के सामने स्थित गटर के मेनहोल से बदबू आ रही है। पुलिस ने गटर को खुलवा का तलाश करवाया तो युवती का धड़ पड़ा हुआ था।
गटर से युवती का सिर नहीं मिला। धड़ चार से पांच दिन पुराना है और काफी हद तक सड़-गल गया था। 20 से 25 वर्ष के बीच की उम्र की बताई जा रही युवती की पीठ पर पती का टेटू बना हुआ है। युवती के धड़ पर कपड़े नहीं थी। ऐसा लग रहा है कि काले रंग की पॉलिथीन में युवती के धड़ को रखकर गटर में फेंका गया है।
पुलिस ने धड़ को सफदरजंग अस्पताल में रखवा दिया है। सिर को ढूंढने के लिए गटर में तलाशी अभियान शुक्रवार शाम तक जारी था। वसंत विहार थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी वसंत विहार इलाके के बाबा गंगनाथ मार्ग पर काले रंग की पॉलिथीन में युवती का शव मिला था। पॉलिथीन को एक बोरे में डाला हुआ था। इस युवती की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस अब इस कोण से भी जांच कर रही है कि कोई सीरियल किलर तो इन वारदातों को अंजाम तो नहीं दे रहा है।