नगीना थाना के गांव बदरपुर में व्यक्ति से फोन पर साढ़े तीन लाख रुपये की फिरौती मांगने व नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला उजागर हुआ है।
पीड़ित ने पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने पर इंसाफ के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है।
बदरपुर गांव के सिराजुद्दीन ने सिविल जज अक्षय चौधरी की अदालत में याचिका दायर की है कि उसके पास 8 सिंतबर को ईसब का फोन आया। सिराजुद्दीन का आरोप है कि ईसब ने उससे फोन पर ही साढ़े तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
सिराजुद्दीन का कहना है कि उसने अगले ही दिन 9 सितंबर को पुलिस थाना नगीना में जाकर उक्त मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस से आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की।
पुलिस उसे टरकाती रही। पुलिस से इंसाफ नहीं मिलने की सूरत में पीड़ित ने अदालत की शरण ली है। पीड़ित के वकील यूनुस खां ने बताया कि उनके मुवक्किल सिराजुद्दीन द्वारा अदालत में दायर की याचिका पर अदालत ने स्टेटस रिपोर्ट मांगी है।