नौकरी से निकालने पर जापानी कंपनी मित्सुबिशी के एचआर मैनेजर दिनेश शर्मा को निकाले गए कर्मचारी ने बृहस्पतिवार सुबह एक अन्य साथी के साथ मिलकर दफ्तर जाते समय बिलासपुर-तावड़ू रोड पथरेड़ी में गोली मार दी।
गोली लगने की सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत स्थिर है। आरोप है कि नौकरी से निकाले गए कर्मचारी ने एक दिन पहले अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी पकड़ से बाहर हैं।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-43 निवासी दिनेश शर्मा मित्सुबिशी में एचआर मैनेजर है। उनकी कंपनी में जोगेंद्र नामक कर्मचारी काम करता था, जो अनुशासनहीन था। रवैया न सुधारने पर कंपनी ने उसे नौकरी से निकाल दिया था। बुधवार को जोगेंद्र ने अपने रिश्तेदार दयानंद मास्टर, कृष्ण कुमार सहित करीब 10 लोगों के साथ मिलकर दिनेश को नेशनल हाईवे-8 पर रोक लिया और उसे नौकरी पर वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी।