गुड़गांव में सुशांतलोक थाना पुलिस ने बुधवार देर शाम यूपी के दो नामी बदमाशों को अवैध हथियारों सहित दबोच लिया। उन पर दिल्ली व यूपी में 25 से अधिक अपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार के आधार पर शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया।
पढ़ें:दोस्ती के नाम पर कलंक बन गया वो...
सुशांतलोक थाना पुलिस ने सीआईए स्पेशल सेल के साथ मिल कर बुधवार की शाम दो संदिग्ध लोगों को अवैध हथियार के साथ दबोचा। उनमें एक की पहचान राकेश उर्फ राहुल पुत्र जयपाल दुजाना थाना बादलपुर गौतमबुद्व नगर व दूसरे की कपिल नैन पुत्र कृपाल सिंह गांव वंशी, थाना खेखड़ा जिला बागपत के रूप में पहचान की गई।
उनकी पहचान होने के बाद जब यूपी पुलिस से संपर्क साधा गया तो उनके चौकाने वाले आपराधिक इतिहास सामने आए। कपिल नैन पर दिल्ली व यूपी के विभिन्न थानों में हत्या लूट, शस्त्र अधिनियम के तहत 24 मामले दर्ज हैं। सुशांतलोक थाना प्रभारी बिजेन्द्र हुड्डा के अनुसार आरोपी यूपी के अनिल दुजाना गैंग से ताल्लुकात हैं।
गैंगवार के चलते इनके चार साथियों की हत्या हो चुकी है। जबकि इनके विरोधी गैंग से एक की हत्या हुई। पुलिस के अनुसार यूपी पुलिस के अधिकारियों की अलग-अलग टीम आई हुई थी। जो उनके बारे में पूरी जानकारी लेकर गई है।
पांच लोगों को इनके भय से है यूपी पुलिस की सुरक्षा
पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला कि यूपी में इनका इतना आतंक है कि अलग-अलग पांच लोगों को पुलिस सुरक्षा मिल चुकी है। इनकी गिरफ्तारी से इनकी गैंग की ओर से चल रही हलचल का पुलिस को अनुमान होगा।
आधा दर्जन हत्या करने की थी योजना
पुलिस को गिरफ्तार बदमाशों के पास से कोई मोबाईल नहीं मिला है। पुलिस को पूछताछ के दौरान पता चला है कि वह गुड़गांव से कार लूटने की फिराक में थे। यहां से कार लूटने के बाद यूपी में रखी गई कारबाईन के माध्य से वारदात को अंजाम देने की योजना था।