मंगलवार रात को मुजैड़ी गांव में कुछ लोगों ने रंजिशन चाचा-भतीजे पर गोली चलाकर जानलेवा हमला किया। इस हमले में गोली लगने से भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चाचा को गोली छूकर निकल गई। गोली लगने से घायल युवक को अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। पीड़ित चमन ने बताया कि उनके परिवार की गांव के एक पक्ष के लोगों से किसी मामले को लेकर रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश के चलते वह पक्ष उन पर हमले की फिराक में रहता है।
चमन का कहना है कि रात को 10 बजे वह और उसका भतीजा मनीष गाड़ी में सवार होकर सुखवीर भगत जी के पास गए हुए थे। दोनों उसके घर में बैठे बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि तभी वहां पर उनसे रंजिश रखने वाले आधा दर्जन लोग पहुंच गए और फायरिंग शुरू कर दी।