ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली के दस्तमपुर गांव में एक बुजुर्ग पर उसके दो पोतों ने जान लेने की नीयत से फायरिंग कर दी।
हालांकि दादा बाल-बाल बच गए। पीड़ित ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि दस्तमपुर निवासी किसान रामेश्वर दयाल के पांच बेटे हैं और उनके पास 40 बीघा जमीन है।
रामेश्वर के दो पोतों विकास और जीतू (पुत्र टेकचंद) की नजर उनकी जमीन पर है। जिसे बेचकर वे मौज मस्ती करना चाहते थे। लेकिन रामेश्वर ने जमीन बंटवारा करने और बेचने से इंकार कर दिया। इस बात को लेकर उनके बीच अकसर झगड़ा होता रहता था।
यह भी पढ़ें: दलित किशोरी को पीटकर अश्लील हरकत
रविवार सुबह करीब नौ बजे रामेश्वर गेहूं की कटाई करने के लिए खेत पर गए थे। कुछ देर बाद विकास और जीतू भी वहां पहुंच गए और दादा से पूछा कि जमीन उनके नाम करेंगे या नहीं।
रामेश्वर के इंकार करते ही दोनों ने तमंचे से उन पर फायर कर दिया। फायरिंग होते ही रामेश्वर शोर मचाते हुए वहां से भाग निकले। फायरिंग की आवाज सुनकर आस-पास के खेतों में काम कर रहे लोग वहां पहुंचे तो दोनों पोते भाग गए। पीड़ित ने दोनों पोतों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।