भारत कॉलोनी में रहने वाले एक युवक ने शादी करने का झांसा दे तीन साल तक युवती से शारीरिक संबंध बनाए फिर मुकर गया। इनकार से आहत युवती ने बुधवार रात ट्रेन से कट कर जान दे दी।
युवती के पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसमें उसने शादी से इनकार करने की वजह से जान देने की बात लिखी है। मौत से गुस्साए परिजनों ने बृहस्पतिवार दोपहर बाद शव को आरोपी युवक के घर के सामने रख कर हंगामा किया।
मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी और उसके माता पिता के खिलाफ आत्महत्या को मजबूर करने का केस दर्ज किया। भारत कॉलोनी में रहने वाले रोहित की पास में ही रहने वाली कक्षा 12 की छात्रा से तीन साल पहले दोस्ती हुई थी।
मोहल्ले वालों को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी
आत्महत्या
एक संस्थान में नौकरी करने वाले रोहित ने युवती से शादी करने का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद दोनों में प्रगाढ़ संबंध हो गए थे, यहां तक कि मोहल्ले वालों को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी। युवती के माता पिता को कुछ दिन पहले इन दोनों के संबंध की जानकारी हुई।
कुछ दिन पहले वह बेटी का रिश्ता लेकर रोहित के घर गए थे। रोहित के पिता मुरारी और मां शशि ने जाति अलग होने की बात कह शादी से इनकार कर दिया था।
यह भी आरोप है कि रोहित के माता पिता ने बहुत ज्यादा दहेज की मांग की थी। दोनों पक्ष में विवाद हो गया था। बुधवार को इस बात पर पंचायत भी हुई लेकिन रोहित और उसके परिवार वालों ने शादी से इनकार कर दिया।
इस बात से परेशान युवती ने बुधवार रात ओल्ड रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी। युवती के कपड़ों से मिले सुसाइड नोट में लिखा था कि रोहित ने शादी से इनकार कर दिया अब उससे कौन विवाह करेगा, सारे मोहल्ले वालों को उनके संबंध की जानकारी है, जिंदगी बर्बाद हो गई।
बृहस्पतिवार सुबह परिवार के लोग युवती को ढूंढते हुए ओल्ड रेलवे स्टेशन पहुंचे, जीआरपी ने शव दिखाया तो परिजनों ने शिनाख्त कर ली। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों ने रोहित के घर के सामने रख दिया। गली वालों ने हो हल्ला किया तो पुलिस भी पहुंच गई।