पर मीठी-मीठी बात कर एक युवती ने 33 साल के युवक को मयूर विहार फेज-2 के पास बुलाया। वहां युवती ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर कार समेत अगवा कर लिया। बदमाशों ने पीड़ित राहुल दीप (33) से उसकी कार व महंगा मोबाइल फोन लूट लिया।
वारदात के दौरान बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर पीड़ित से लोन के कुछ पेपर पर जबरन साइन भी करवाए। बाद में बदमाश राहुल को निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन के पास ले आए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने लोहे की रॉड से पीड़ित को बुरी तरह पीटा। बाद में बदमाश राहुल को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सिर में गंभीर चोट और टांग में फ्रेक्चर के बाद पीड़ित को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। कल्याणपुरी थाना पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
झारखंड का रहने वाला है युवक
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से जमशेदपुर, झारखंड का रहने वाला राहुल दिल्ली में दयानंद ब्लॉक शकरपुर में रहता है। उसका दिल्ली में धागों की सप्लाई का काम है। राहुल के मुताबिक जमशेदपुर से उसकी पिंकी नामक एक युवती से पहचान थी। यहां भी उसकी युवती से एक-दो बार बात हुई।
शनिवार शाम को पिंकी ने राहुल को फोन कर मयूर विहार फेज-2 के पास बुलाया। राहुल वहां अपनी शेवरले ऑपटरा कार से पहुंच गया। बातचीत के दौरान तीन युवक वहां आ गए।
आते ही वह राहुल से बदसलूकी करने लगे। बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर जबरन राहुल को कार में बिठा लिया। बाद में रिलाइंस फ्रेश के पास बने एक कमरे में ले गए।
10 लाख का कर देता इंतजाम तो न टूटती टांग
वहां बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर 10 लाख का इंतजाम करने के लिए कहा। राहुल के मुताबिक बदमाशों ने वहां उससे एक स्टांप पेपर पर राहुल द्वारा 2009 में चार लाख रुपये लोन लेने के पेपर पर जबरन साइन करवा लिए।
इसके बाद बदमाश राहुल को कार में बिठाकर निर्माण मेट्रो स्टेशन पर ले आए। यहां लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने राहुल की लोहे की रॉड से मारकर टांग तोड़ दी और उसके सिर पर कई वार किए। बाद में बदमाश मौके से राहुल की कार और मोबाइल लेकर फरार हो गए।
पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अपहरण, लूटपाट और जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।