पूर्वी दिल्ली में रहने वाला अवैध हथियार तस्कर गुरुग्राम के बदमाश व गैंगस्टर को अवैध हथियार सप्लाई करता था। पुलिस टीम ने जब उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने पिस्टल को हवा में लहराते हुए पुलिसकर्मियों को धमकी दी थी कि कोई उसे पकड़ने का प्रयास करेगा तो वह उसे गोली मार देगा।
नई दिल्ली जिले के स्पेशल स्टाफ ने अवैध हथियार तस्कर को रविवार को उस समय दबोच लिया जब वह गुरुग्राम अवैध हथियारों की खेप देने जा रहा था। आरोपी के कब्जे से दो पिस्टल, चार कट्टे व 60 कारतूस बरामद किए गए हैं। ये वैगन आर कार से अवैध हथियारों की खेप देने जा रहा था। आरोपी पूर्वी दिल्ली के छेनू गैंग से जुड़ा हुआ है। अवैध हथियार तस्कर के खिलाफ पहले से 30 से अधिक मामले दर्ज हैं।
नई दिल्ली जिला डीसीपी डा. ईश सिंघल के अनुसार स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर रामनिवास की देखरेख में एसआई नरेन्द्र व एसआई ताराचंद की टीम ने अवैध हथियार तस्कर इकबाल अहमद उर्फ बबलू(26) को वंदे मातरम रोड-रिज रोड से रविवार को गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने पुलिसकर्मियों को गोली मारने की धमकी दी। एसआई नरिन्द्र ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। गरीबी के कारण ये गलत संगत में पड़ गया और नशा लेने का आदि हो गया। मूलरूप से गांव नागिना, जिला बिजनौर यूपी निवासी इकबाल पूर्वी दिल्ली के छेनू गिरोह से जुड़ा हुआ है। छेनू गिरोह की कई गिरोह से रंजिश चल रही है। इन गिरोह के साथ हुई गैंगवार में कई बदमाशों की जान जा चुकी है।