नोएडा में रविवार रात दो युवकों ने दो युवतियों को कार में तीन घंटे तक घुमाया और उसके बाद एक सुनसान स्थान पर तमंचा दिखाकर कार में ही गैंगरेप किया। पुलिस ने युवतियों की शिकायत पर गैंगरेप का मामला दर्ज कर आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
सेक्टर-20 थाना प्रभारी रीता यादव के मुताबिक दो युवतियां नया बांस में किराये के मकान में रहती हैं। दोनों मूलरूप से मेरठ व बाराबंकी की रहने वाली हैं।
इनमें से एक युवती की जान पहचान बिसरख के पास स्थित शाहदुल्लापुर निवासी अमित से थी। वह बिल्डर साइट पर सरिया की सप्लाई का काम करता है। उसने युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर दोस्ती की थी।
देर रात अमित ने युवती को फोन कर सेक्टर-16 के मैक्डोनाल्ड के पास बुलाया। वहां युवती अपनी एक अन्य दोस्त के साथ पहुंची। दोनों एक ही मकान में किराये पर साथ रहती हैं।
गैंगरेप के बाद छोड़ने भी आए आरोपी
मैक्डोनाल्ड के पास आने के बाद दोनों युवतियों को अमित ने स्विफ्ट कार में बैठा लिया। कार में शाहदुल्लापुर का एक अन्य युवक बबली नागर भी बैठा था। वहां से निकलने के बाद सभी सेक्टर-37 के किसी होटल में गए। वहां खाना खाने के बाद लड़कियों को करीब तीन घंटे तक कार में ही घुमाया गया।
उसके बाद सेक्टर-15ए के सुनसान क्षेत्र में ले जाकर तमंचे के बल पर उनके साथ दोनों युवकों ने दुष्कर्म किया। गैंगरेप की घटना को अंजाम देने के बाद रात करीब एक बजे युवकों ने उनको फिर से नया बांस में छोड़ दिया।
युवतियों ने सुबह पांच बजे इसकी सूचना सेक्टर-20 थाने की पुलिस को दी। इस बाबत सीओ-प्रथम शिवराम यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवतियों की मेडिकल जांच कराई जा रही है।
सामुदायिक भवन में विवाहिता से गैंगरेप
दिल्ली के छावला इलाके के सामुदायिक भवन में एक विवाहिता से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय महिला सपरिवार गोयला गांव में रहती है। रविवार की रात वह सामुदायिक भवन में तैनात चौकीदार से मिलने के लिए आई थी।
इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने उसे किसी बहाने सामुदायिक भवन में बुलाया और उससे दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दो युवकों को हिरासत में ले लिया है।
घर में घुसकर लूटपाट, दुष्कर्म का प्रयास
नोएडा के सेक्टर-49 थाना स्थित एक गांव के एक घर में लूटपाट, 20 वर्षीय युवती से मारपीट व दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती की शिकायत के पर अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित युवती ने बताया है कि 11 अगस्त को दिन में उसके घर में घुसकर सात लोगों ने लूटपाट की और ढाई लाख रुपये नगद व हजारों के गहने ले गए। इसके साथ ही आरोपियों ने उसके साथ मारपीट व दुष्कर्म की भी कोशिश की।
पुलिस ने युवती की शिकायत पर अश्तर, इरफान, कालू, शब्बीर, शम्शू, इकराम व निशाद के खिलाफ लूट, घर में तोड़फोड़ व दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
इस बारे में सीओ-तृतीय राजकुमार मिश्र ने बताया कि गांव में दो पड़ोसियों का आपस का विवाद है। पहले एनसीआर दर्ज की गई थी। लेकिन एक-दो दिन पहले युवती की शिकायत के आधार पर अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। लड़की के दोबारा मेडिकल जांच के बाद रिपोर्ट व विवेचना के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।