कोतवाली पुलिस ने हाईवे पर ट्रक लुटने वाले चार लुटेरों को गिरफ्तार कर लूट के 8 क्विंटल चावल एवं 20 टायर, तीन तमंचे और एक चाकू बरामद किया है। गिरोह का सरगना हापुड़ के एक पब्लिक स्कूल में डांस टीचर है।
सात साल पहले भी वह एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस का कहना है कि करोड़पति बनने की चाह में चारों ने जरायम की दुनिया में कदम रखा था।
इंस्पेक्टर दीपक शर्मा के मुताबिक राशिद उर्फ डांसर किदवईनगर, राहुल नेहरू नगर, पीयूष ब्रहमपुरी और मनोज निवासी मोदीनगर को गिरफ्तार किया गया है। राशिद गिरोह का सरगना है।
21 जनवरी को इन्होंने की ट्रॉनिका सिटी से चावल से लदा ट्रक लूटा था, जबकि 25 जनवरी को मेरठ परतापुर थाना क्षेत्र से टायरों से भरा ट्रक लूट लिया था।
ट्रॉनिका सिटी थाने में सोनीपत निवासी ट्रक मालिक अनिल सपरा और परतापुर थाने में बलविंदर टीपीनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस की मानें तो लूट का माल गोदाम में रखने के बाद लुटेरे ट्रक को लावारिस हालत में छोड़ देते थे।
लूटे गए दोनों ट्रक पूर्व में बरामद हो चुके हैं। पुलिस ने लुटेरों की निशानदेही पर 8 कुंतल चावल और 20 टायर, तीन तमंचे और एक चाकू बरामद किया है।
डांस टीचर है सरगना
गिरोह का सरगना राशिद बीकॉम पास है और हापुड़ के पब्लिक स्कूल में डांस टीचर था। पीयूष भी बीकॉम तक पढ़ा और नौकरी की तलाश में था। मनोज लालच में किराए पर गोदाम देकर अपराधी बन गया।