दिल्ली के रोहिणी नॉर्थ थाना क्षेत्र स्थित घर के सामने सोमवार देर रात तीन दोस्तों ने अमित गुप्ता (27) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। छानबीन के बाद पुलिस ने वैभव (19), लव (20) और साहिल (20) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी बेरोजगार हैं।
पुलिस तीनों से पूछताछ कर मारपीट और हत्या की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक रोहिणी सेक्टर-8 निवासी अमित का इलाके में ही प्रॉपर्टी का काम था। इसके अलावा वह पिता चंद्र प्रकाश के व्यवसाय में भी मदद करता था।
उसकी बहन नेहा ने पुलिस को बताया कि दिवाली की रात किसी बात पर अमित की दोस्तों से कहासुनी हो गई थी। नेहा का आरोप है कि इसी का बदला लेने के लिए सोमवार देर रात तीनों दोस्त-वैभव, लव और साहिल घर आए, लेकिन उस समय अमित नहीं था। तीनों ने फोन कर उसे बुलाया। अमित के वहां पहुंचते ही तीनों उस पर टूट पड़े।
परिजनों ने अमित को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन आरोपी उसे बुरी तरह पीटते रहे। अमित को काफी चोटें आईं। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। परिजन अमित को नजदीक के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया।