उत्तर-पश्चिम जिले के भलस्वा डेयरी इलाके में शुक्रवार रात एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। युवक की शिनाख्त प्रीतपाल उर्फ सोनू (37) के रूप में हुई है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर प्रीतपाल के दोस्त नवल किशोर उर्फ बॉबी को दबोच लिया है। आरोपी से पूछताछ कर भलस्वा डेयरी थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक प्रीतपाल परिवार के साथ भलस्वा डेयरी इलाके में रहता था। इसके परिवार में पत्नी हिना व अन्य सदस्य हैं। प्रीतपाल प्लंबर का काम करता था।
शुक्रवार दिन में वह अपने दोस्त जूड़ी और बॉबी के साथ शराब पी रहा था। इस बीच बॉबी और प्रीतपाल का किसी बात पर झगड़ा हो गया। दोस्तों ने समझौता करवा दिया।
आरोप है कि रात के समय बॉबी घर पहुंचा और प्रीतपाल से माफी मांगने लगा। बात खत्म होने के बाद बॉबी प्रीतपाल को ए-ब्लॉक पार्क के पास ले गया। शक होने पर हिना भी उसके पीछे पहुंच गई।
आरोप है कि वहां बॉबी ने चाकू निकालकर प्रीतपाल के पेट में घोंप दिया।पति को चाकू लगता देखकर हिना बेहोश हो गई। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रीतपाल को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हिना के बयान के बाद पुलिस ने आरोपी बॉबी को गिरफ्तार कर लिया।