शक्ति नगर कालोनी में रहने वाली महिला का एटीएम कार्ड बदल कर 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी करने वाले पांच अज्ञात के खिलाफ सिटी थाना पुलिस ने रविवार को धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
शक्ति नगर कालोनी में रहने वाली शालू ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि वह अपने पति के साथ तीरथ राम अस्पताल के पास एटीएम बूथ से पैसा निकालने गई थीं। उनके पति बाहर खड़े थे। बूथ के भीतर चार-पांच अज्ञात युवक घुसे, जिन्होंने बात-बात में उनका एचडीएएफसी का कार्ड बदल लिया।
थोड़ी देर बाद वह दूसरे एटीएम पर जा रही थी कि उसके मोबाइल पर संदेश आया कि उनके खाते से 50 हजार रुपये निकल गए। घटना की जानकारी के बाद सिटी थाना पुलिस ने मामले की छानबीन की। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात पांच के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस को बैंक से मिलने वाले सीसीटीवी फुटेज का इंतजार है। इसके बाद वह आरोपी तक पहुंचने का प्रयास करेगी। गौरतलब है कि साइबर सिटी में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी का यह पहला मामला नहीं है। आए दिन अलग-अलग स्थानों पर लोग इनके शिकार होते रहते हैं। पुलिस ऐसे गिरोह का खुलासा कर पाने में नाकाम है।