फरीदाबाद के गांव प्याला निवासी एक व्यक्ति से कुछ लोगों ने एक प्लॉट के फर्जी कागजात तैयार कर बेच दिया। आरोप है कि लोगों ने प्लॉट के नाम पर लाखों रुपये ठग लिए। थाना शहर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गांव प्याला निवासी बिजेंद्र ने अपनी शिकायत में कहा है कि प्लॉट खरीदने की तलाश में उसकी मुलाकात राजेश कुमार, रेखा, सुरेंद्र और नरेश से हो गई।
आरोपियों ने उसे कम कीमत पर अच्छा प्लॉट दिलवाने का आश्वासन दिया। इन लोगों ने बल्लभगढ़ के शहरी क्षेत्र में एक प्लॉट दिखाया। पसंद आ जाने के बाद उसने मोलभाव कर उसको खरीदने का सौदा तय कर लिया।
उसने इन लोगों को लाखों रुपये देकर प्लॉट को खरीद लिया। लेकिन पिछले दिनों एक अन्य व्यक्ति प्लॉट पर अपनी दावेदारी दिखाने लगा। खोजबीन करने पर पता चला कि राजेश और उसके साथियों ने उसके साथ धोखाधड़ी की है।
आरोपियों ने फर्जी कागजात से उसे जमीन बेची है। जांच अधिकारी जसवंत सिंह ने बताया कि आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई तो वे लोग वहां नहीं मिले।