नोएडा में ऑनलाइन काम के नाम पर एक अशक्त व्यक्ति से करीब साढ़े सात लाख की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना सेक्टर-58 में शिकायत की है।
जयपुर (राजस्थान) के निवासी राजेंद्र गुप्ता ने इंटरनेट पर एक कंपनी की साइट देखी, जिसमें घर बैठे डाटा एंट्री वर्क कर लाखों कमाने का ऑफर दिया गया था। कंपनी का पता नोएडा सेक्टर-63 के सी-4 दिया गया था।
राजेंद्र ने साइट पर मिले नंबरों के जरिये कंपनी निदेशक पंकज उपाध्याय से बात की। पंकज ने नवंबर माह में राजेंद्र नोएडा ऑफिस बुलाया और कंपनी के पार्टनर सौरभ मिश्रा से मिलवाया। दोनों ने राजेंद्र को बताया कि उन्हें यूएसए से फॉर्म भराने का काम मिला है।
जिसे वह घर बैठे भर सकते हैं और एक फॉर्म भरने के लिए 27 रुपये दिए जाएंगे। राजेंद्र को काम देने से पहले सिक्योरिटी मनी के रूप में दो लाख रुपये जमा कराने को कहा गया। राजेंद्र ने चेक के जरिये पंकज को दो लाख रुपये दे दिए। राजेंद्र को 20 हजार फॉर्म भरने का काम मिला।
राजेंद्र ने 10 जनवरी तक फॉर्म भरकर ऑनलाइन जमा कर दिए। लेकिन, पेमेंट मांगने पर कंपनी ने मेल किया कि राजेंद्र का काम अधूरा है। संपर्क के लिए दिए गए कंपनी के सभी नंबर बंद मिले। शक होने पर पीड़ित कंपनी के पते पर पहुंचा, जहां बताया गया कि कंपनी काफी दिन पहले ही जा चुकी है।