विकासपुरी इलाके में स्थित निजी स्कूल में पढ़ने वाली चार साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ की गई। पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, स्कूल में पढ़ने वाले अन्य बच्चों के परिजनों ने स्कूल पहुंचकर प्रदर्शन किया। आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता विकासपुरी की रहने वाली है। 16 सितंबर को वह स्कूल से घर पहुंची। उसने अपनी मां को स्कूल में छेड़छाड़ किए जाने की शिकायत की।
बच्ची ने बताया कि स्कूल में एक मूंछ वाले अंकल ने बाथरूम में उसके साथ गंदा काम किया। परिजन 17 सितंबर की शाम विकासपुरी थाने पहुंचकर इसकी शिकायत की। पुलिस ने पोक्सो के तहत मामला दर्ज कर लिया।
स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को कब्जे में कर लिया गया है। इसके जरिये आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही पुलिस सोमवार को स्कूल के कर्मचारियों से पूछताछ करेगी।
उधर, घटना की जानकारी के मिलने बाद रविवार दोपहर स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के परिजन काफी संख्या में स्कूल पहुंचे। स्कूल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि स्कूल में पढ़ने आने वाले बच्चों की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन की है। स्कूल प्रबंधन को पुलिस की मदद कर जल्द आरोपी को बेनकाब करना चाहिए।