दिल्ली के वसंत विहार थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात नाइजीरियन युवक ने मणिपुरी युवती से दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस ने दुष्कर्म के प्रयास व छेड़छाड़ का मामला दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय सिमरन (बदला हुआ नाम) दक्षिण दिल्ली स्थित एक मॉल में काम करती है। वह मुनिरका गांव, वसंत विहार में अपने भाई के साथ रहती है। बृहस्पतिवार रात करीब 9:30 बजे युवती सफदरजंग एन्क्लेव में रहने वाले अपने एक मित्र से मिलने गई। वहां उसका मित्र नहीं था। घर पर नाइजीरियन युवक टिमोठी मिला।
आरोप है कि कुछ देर बात करने के बाद टिमोठी ने सिमरन से दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती वहां से भाग खड़ी हुई। उसने वसंत विहार थाने में शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस केअनुसार टिमोठी जून में बिजनेस वीजा पर भारत आया था। वह दिल्ली में कपड़े बेचने का काम कर रहा था। पुलिस सिमरन के मित्र से भी पूछताछ कर रही है।