मंडावली इलाके में शनिवार सुबह कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद में दो पड़ोसी आपस में भिड़ गए। आरोप है कि एक पड़ोसी गुट ने दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करने के अलावा एक युवक पर तेजाब भी फेंक दिया।
गनीमत यह रही कि तेजाब से युवक का चेहरा बच गया और कुछ छींटे ही उस पर गिरी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हमले में मां-बेटी समेत पांच लोग जख्मी हुए हैं।
इधर पुलिस तेजाब डालने की बात से इनकार कर रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक जमुना सिंह (52) परिवार के साथ सी-ब्लॉक गली नंबर-1,मंडावली में रहता है।
परिवार में पत्नी कुसुम, चार बेटियां और चार बेटे हैं। शुक्रवार शाम को जमुना की पत्नी कुसुम का पड़ोसी युवक रवि व दीपक से झगड़ा हो गया था। कुसुम के बेटे लोकेश ने बीच-बचाव कराने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।
जैसे ही खोला दरवाजा, फेंक दिया तेजाब
परिवार का आरोप है कि रात के समय उन्होंने पीसीआर कॉल भी की थी, लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। रात में बात रफा-दफा हो गई। इधर सुबह आरोपियों ने फिर परिवार का दरवाजा पीटना शुरू कर दिया।
कुसुम के दूसरे बेटे जगपाल ने जैसे ही दरवाजा खोला आरोप है कि पड़ोसियों ने उस पर तेजाब डाल दिया। उसका चेहरा मामूली रूप से झुलसा, कुछ छींटे उसी आंख पर भी गई।
आरोपियों ने पूरे परिवार पर हमला कर दिया। हमले में लोकेश, जगपाल, सतपाल, बहन पूजा और कुसुम जख्मी हो गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।