खेतीबाड़ी कर गुजारा करने वाले तीन बेटियों के पिता का शव फलैदा गांव स्थित खेेत में फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, जांच में कई अहम तथ्य सामने आए हैं। गांव फलैदा निवासी राजकुमार (35) मंगलवार सुबह अपने बाजरे के खेत में गया था।
उसके भाई शिलेंद्र का कहना है कि दोपहर 12 बजे खेत की तरफ जा रहा था। इसी दौरान उसने कुछ लोगों के भागने की आवाज सुनी। जब खेत में पहुंचा तो उसके भाई राजकुमार का शव पेड़ पर लटका हुआ था।
राजकुमार की कमीज से ही फंदा लगा हुआ था। उसने फंदा खोलकर उतारा और शव को कंधे पर रखकर डॉक्टर के यहां ले गया। जहां परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर पुरानी रंजिश में हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
इन बिंदुओं पर जांच कर रही है पुलिस
पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
शर्ट और चप्पल गायब
पुलिस जब घटनास्थल पर मौका मुआयना करने पहुंची तो वहां से राजकुमार की वह शर्ट गायब थी, जिससे फंदा लगाने की जानकारी दी गई। वहीं एक चप्पल पड़ी होने की जानकारी दी थी, लेकिन मौके पर पुलिस को वह भी नहीं मिली। फिलहाल, पुलिस परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस इन बिंदुओं पर कर रही जांच
पुलिस पड़ताल में पता चला है कि मृतक व उसके भाई पर एक व्यक्ति ने तीन माह पूर्व चोरी का आरोप लगाया था। पंचायत में यह मामला निपट गया था लेकिन अब पता चला है कि तीन दिन पहले आरोप लगाने वाले व्यक्ति ने फिर रुपये न देने पर धमकी दी थी।
राजकुमार के पिता बिशंबर ने दो विवाह किए थे। पहली पत्नी से एक बेटा और दूसरी से राजकुमार समेत चार बेटे थे। बिशंबर की आधी भूमि पहली पत्नी के बेटे और शेष दूसरी पत्नी के चार बेटों को मिली थी।
सामने आया है कि पहली पत्नी के बेटेे की भूमि कब्जे को लेकर राजकुमार व उसके भाइयों का विवाद हुआ था। इसमें गांव के तीन लोगों ने पहली पत्नी के बेटे का साथ दिया था। इन्हीं तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया है।