रानीबाग इलाके में एक शख्स ने अपनी 16 साल की बेटी की पीट-पीट कर हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि किशोरी दो बार बिना बताए घर से गायब हो गई थी और कुछ दिन बाद घर वापस आ गई थी। तीसरी बार बेटी के गायब होने से आरोपी पिता खफा था। रानीबाग थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मूलत: गांव मानिकपुर, चित्रकूट उत्तर प्रदेश निवासी राम बिहारी (40) सपरिवार पीतमपुरा गांव में रहता है। परिवार में पत्नी गीता, चार बेटियां व एक बेटा है। राम बिहारी रिक्शा चलाता है जबकि उसकी पत्नी कोठियों में झाडू पोंछा करती है।
31 अक्तूबर को तीसरी बेटी रेणुका बिना बताए घर से चली गई। दो बार पहले भी वह घर से जा चुकी थी। इसकी वजह से राम बिहारी बेटी से काफी नाराज था। 2 नवंबर की सुबह रेणुका उस मकान पर पहुंची, जहां उसकी मां काम कर रही थी। दोपहर में गीता अपनी बेटी को लेकर घर पहुंची। राम बिहारी भी रिक्शा चलाकर वापस घर आ चुका था।