अमरीकी शोधकर्ता से दुष्कर्म मामले में सजा पाने वाले मेहमूद फारूकी की पत्नी ने इस मामले में समझौता करवाने के लिए दखल दिया था। पीड़िता को फारूकी से मिलने वाले गवाह ने अपनी गवाही में यह बात कही थी।
फारूकी की पत्नी ने इस गवाह से कहा था कि वह पीड़िता से संपर्क करे ताकि वह दुष्कर्म के आरोप वापस ले। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश संजीव जैन के समक्ष दानिश हुसैन ने अपना बयान दर्ज करवाया था।
उसने अपने बयान में कहा था कि घटना के फौरन बाद पीड़िता ने उसे मैसेज किया था और फारूकी द्वारा नशे की हालात में दुष्कर्म की बात बताई। अदालत के समक्ष इस गवाह ने कहा कि फारूकी की पत्नी अनुषा रिजवी ने उससे कहा था कि वह पीड़िता से संपर्क करे ताकि वह दुष्कर्म का आरोप वापस ले।
अभियोजन के इस गवाह ने कहा कि फारूकी के घर से निकल कर पीड़िता ने टैक्सी ली और रास्ते में फोन पर पूरी घटना का जिक्र किया। उसने बताया कि पार्टी खत्म होने के बाद फारूकी ने पीड़िता को रोक लिया था। अदालत में गवाह ने कहा कि फारूकी ने मैसेज व ईमेल भेजकर उससे माफी मांगी थी और कोई कदम नहीं उठाने के लिए कहा था।