फरीदाबाद क्राइम ब्रांच सेक्टर- 30 टीम ने बल्लभगढ़ के भीकम कॉलोनी से सट्टा-जुआ खेलने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का भंडाफोड़ किया है। आरोपियों के पास से 77900 रुपये , ताश के पत्ते भी पुलिस ने बरामद किया है।
सेक्टर-30 क्राइम ब्रांच प्रभारी विमल राय ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि भीकम कॉलोनी में अवैध रूप से सट्टे का खेल खेला जा रहा है। जिसे गंभीरता से लेते हुए उनकी टीम पुलिस आयुक्त ओपी सिंह के निर्देश पर सक्रिय हो गई।
जिसके बाद सोमवार आधी रात के बाद करीब दो बजे क्राइम ब्रांच की टीम ने भीकम कॉलोनी निवासी विजेंद्र के घर पर दबिश दी। जहां से सात आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने रंगे हाथों दबोच लिया।
इन आरोपियों की पहचान मुख्य आरोपी विजेंद्र निवासी भीकम कॉलोनी समेत दीपक निवासी भूदत्त कॉलोनी ,मनीष निवासी भीकम कॉलोनी, प्रिंस निवासी अहीरवाडा ,अजीत निवासी चावला कॉलोनी, आकाश निवासी बदनपुर फिरोजाबाद राजू निवासी बल्लभगढ़ के रूप में हुई है। इन आरोपियों के खिलाफ बल्लभगढ़ सिटी थाने में मामला दर्ज कराया गया है। क्राइम ब्रांच की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है।