गुरुग्राम पुलिस ने छापेमारी कर दिल्ली के तुगलकाबाद में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर दस आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी को अदालत में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया गया है।
आरोपी नौकरी दिलवाने के नाम पर धोखाधड़ी कर लोगों से रुपये ऐेंठते थे। कॉल सेंटर से पुलिस ने 60 कंप्यूटर और 47 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसका संचालन मथुरा का रहने वाला एक दंपती कर रहा था, जो अभी फरार है। पुलिस का दावा है कि जल्दी ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसीपी क्राइम शमशेर सिंह ने बताया कि11 सितंबर को पुलिस को शिकायत मिली कि नौकरी दिलवाने के नाम पर एक कॉल सेंटर ने 2.26 लाख रुपये की ठगी की है। मामले की जांच साइबर अपराध शाखा को सौंपी गई।
जांच में मामला सही पाए जाने पर 7 दिसंबर को सदर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पड़ताल किया गया तो पता चला कि तुगलकाबाद मेट्रो स्टेशन के नजदीक मोहन को-ऑपरेटिव इंडस्ट्रियल एस्टेट नामक कॉल सेंटर से ठगी का खेल चल रहा है।
वहां छापेमारी की गई तो बड़ी संख्या में लड़के-लड़कियां फोन के माध्यम से लोगों को नौकरी दिलवाने के संबंध में कॉल कर रहे थे। पुलिस को कॉल सेंटर का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर वहां काम कर रहे 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।