ग्रेनो में एनकाउंटर में घायल शूटर तोता
- फोटो : जेपी शर्मा/अमर उजाला
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के जुनपत गांव में मंगलवार सुबह अनिल दुजाना गैंग के बदमाश अनित उर्फ तोता के घर दबिश देने गई पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगने से तोता घायल हो गया।
इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गए। इस दौरान आरोपी तोता के दो साथी भाग निकले। पुलिस ने एटीएस सोसायटी तक उनका पीछा किया, लेकिन हत्थे नहीं चढ़े।
सूचना मिलने के बाद एसएसपी लव कुमार, एसपी देहात सुनीति और सीओ अमित किशोर श्रीवास्तव ने घटनास्थल का मुआयना किया। एसएसपी ने बताया कि सूचना मिली थी कि 15 हजार का इनामी अनित उर्फ तोता जुनपत गांव स्थित अपने घर पर मौजूद है।
इसके बाद एंटी एक्सटॉर्सन सेल व कासना कोतवाली पुलिस दबिश देने उसके घर पहुंची। इसी दौरान घर में मौजूद अनित व उसके दो साथियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
इस दौरान परैर में गोली लगने से अनित घायल हो गया और पुलिस के हत्थे चढ़ गया। घायल बदमाश को पुलिस कस्टडी में जिला अस्पताल भेज दिया गया। मुठभेड़ के दौरान एचसीपी तेजपाल सिंह व आरक्षी वरुण वीर सिंह भी पैर में चोट लगने से घायल हो गए।