हरिनगर थाना पुलिस ने नशीला पेय पदार्थ पिलाकर ई-रिक्शा चुराने वाले जहरखुरानी गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बुलंदशहर निवासी विक्रम, मंडावली निवासी उमा गुप्ता और शाहजहांपुर यूपी निवासी शानू के रूप में हुई है। इनकी निशानदेही पर दो ई-रिक्शा बरामद किए गए हैं। विक्रम पर पहले से पांच मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी से दो मामले सुलझाने का दावा किया है।
जानकारी के अनुसार, अखिलेश नाम के ई-रिक्शा चालक ने 24 अप्रैल को हरिनगर थाने में नशीला पदार्थ पिलाकर ई-रिक्शा चुराने की शिकायत दी थी। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे और मुखबिरों की जानकारी पर उमा गुप्ता और विक्रम को गिरफ्तार कर लिया। जबकि इनके निशानदेही पर 26 अप्रैल को खरीदार शानू को दबोचा। पूछताछ में पता चला कि बदमाश अब तक 15-20 वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। विक्रम और उमा गुप्ता चोरी करने के बाद ई-रिक्शा का रंग और चेसिस नंबर बदलकर उसे शानू को बेच देते थे। आरोपी ज्यादातर अस्पताल, रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशनों के पास वारदात को अंजाम देते थे।
बवरिया गैंग के दो सेंधमार गिरफ्तार
हरिनगर थाना पुलिस ने सेंधमारी करने वाले बवरिया गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने सेंधमारी के छह मामले सुलझाने का दावा किया है। पकड़े गए बदमाशों की पहचान अजमेर निवासी धरमराज और प्रेमा के रूप में हुई है। बदमाशों के पास से पुलिस ने ताला तोड़ने का हथियार, पर्स और कुछ रुपये बरामद किए हैं।