निहाल विहार में शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, मोनिका (24) पति प्रदीप के साथ निहाल विहार में रहती थी। प्रदीप रिक्शा चालक है। 15 दिन पहले ही दोनों यहां रहने आए थे। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे प्रदीप घर आया, वह शराब के नशे में था। किसी बात को लेकर पत्नी से कहासुनी हो गई।
उसके बाद प्रदीप ने पत्नी का सिर पकड़कर दीवार पर मार दिया और फिर गला दबाकर वहां से फरार हो गया।शोर शराबा होने पर मकान मालिक उसके कमरे में पहुंचे। मकान मालिक ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बताया कि मोनिका मूलत: अलीगढ़ की रहने वाली थी। उसका पति बुलंदशहर का है।
पुलिस को आशंका है कि पारिवारिक कलह की वजह से प्रदीप ने घटना को अंजाम दिया है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि शराब की लत और मारपीट की वजह से कोई भी मकान मालिक इन्हें ज्यादा दिन तक अपने मकान में रहने नहीं देता था।