चार फरवरी को औद्योगिक क्षेत्र चौकी के पास कैश कलेक्शन एजेंट के साथ हुई चार लाख की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
लूट की साजिश अर्थला में चाय की दुकान चलाने वाले उस युवक ने रची थी, जिसकी दुकान पर एजेंट सुंदर त्यागी अक्सर चाय पीता था।
पुलिस ने घटना में शामिल एक बीकॉम स्टूडेंट और एक अन्य युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
एसपी सिटी सलमान ताज ने बताया कि ईको कंपनी का कलेक्शन एजेंट सुंदर त्यागी 12 जगहों से रोज कैश कलेक्ट करता था। वह अर्थला में ललित त्यागी की दुकान पर अक्सर चाय पीता था।
ललित को पता था कि सुंदर रोज लाखों का कैश इकट्ठा करता है। उसने सद्दाम, आशीष, नाजिम, चांद मोहम्मद और भारत के साथ मिलकर लूट की साजिश रची।
पुलिस ने सर्विलांस की मदद से अर्थला का ललित, भोपुरा के भारत और चांद मोहम्मद उर्फ मटरू को साहिबाबाद बस डिपो के पास से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बदमाशों से दो लाख 56 हजार रुपये, स्कूटी, पल्सर बाइक, दो तमंचे, चाकू और चार कारतूस बरामद किए हैं। बता दें कि चार फरवरी की दोपहर बाइक और स्कूटी सवार बदमाशों ने कैश कलेक्शन एजेंट सुंदर त्यागी से चार लाख पांच हजार रुपये लूट लिए थे।
पुलिस फरार, सद्दाम, आशीष और नाजिम की तलाश में जुटी है। भारत निवासी भोपुरा डीयू में बीकॉम फाइनल ईयर का स्टूडेंट है। भारत के अनुसार सद्दाम उसका दोस्त था।
पैसे कमाने का लालच देकर उसने भारत को प्लान में शामिल किया। घटना से एक दिन पहले ललित और साथियों ने रेकी की थी।