रवि विहार कालोनी में ट्रांसफार्मर की अर्थिंग रॉड में करंट उतरने से गाय की मौत हो गई। उसे बचाने आए परिवार के तीन लोगों को भी करंट लगा। इससे नाराज लोगों ने वहां हंगामा किया। बिजली विभाग के अफसरों ने आर्थिक मदद का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।
न्यू विकास नगर कालोनी के रवि विहार मोहल्ले में देवेंद्र कुमार परिवार संग रहते हैं। सोमवार देर शाम करंट लगने से उनकी गर्भवती गाय की मौत हो गई। उसे बचाने के प्रयास में देवेंद्र की मां सरदारी, पत्नी सीमा और पुत्र आलोक झुलस गए।
इससे नाराज मोहल्ले वालों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप है कि अर्थिंग रॉड जमीन में 20 फिट नीचे होती है, जबकि विभागीय कर्मचारियों ने रॉड को जमीन में महज दो इंच नीचे लगाया हुआ है।
सूचना पर मंगलवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों ने मृत गाय को वहां से हटाने से इंकार कर दिया। पुलिस ने बिजली विभाग को इसकी सूचना दी।
अधिशासी अभियंता सुरेश चंद ने कर्मचारियों को भेजकर परिवार को 30 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का आश्वासन दिया, तब लोग शांत हुए।
जिला अस्पताल में किया हंगामा
एमएमजी अस्पताल में मंगलवार को मरीज और चिकित्सक (त्वचा रोग विशेषज्ञ ) के बीच जोरदार झड़प हो गई। बात बढ़ने पर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस और सीएमएस ने दोनों की सुलह कराई।
सीएमएस डॉ. सुनील वाधवा ने बताया कि मरीज को सामान्य परीक्षण कराना था, लेकिन फिर भी वह त्वचा रोग विशेषज्ञ के कमरे में कतार तोड़कर चला गया। मना करने के बाद वह हंगामा करने लगा। बाद में मामला सुलझा लिया गया था।
इलेक्ट्रिक शॉक देकर छात्र की हत्या का आरोप
गोविंदपुरम में संदिग्ध हालात में करंट लगने से हुई 10वीं के छात्र अभिषेक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। परिजनों का आरोप है कि इलेक्ट्रिक शॉक देकर अभिषेक की हत्या की गई है।
इसकी शिकायत कविनगर पुलिस से की गई है। आरोप है कि 3 दिन बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। अभिषेक के पिता जयभगवान अग्रवाल ने बताया कि 12 फरवरी को उसका बर्थडे था।
वह इकलौता था, वह दोस्त से मिलने के लिए गया था। आरोप है कि उनके बेटे दोस्त के घर इलेक्ट्रिक शॉक दिया गया, हादसा दिखाने के लिए उसे अस्पताल में भर्ती करवाकर आरोपी भाग गए। एसएचओ अशोक सिसौदिया ने बताया कि जांच की जा रही है।