विजय विहार इलाके में नशे में धुत दो युवकों ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती को खींचकर कार में डालने का प्रयास किया। हालांकि युवती ने हिम्मत कर एक दुकान से चाकू उठा लिया और युवकों का डटकर मुकाबला किया। इसी बीच उसने पुलिस को घटना की जानकारी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार 20 वर्षीय युवती सपरिवार विजय विहार इलाके में रहती है। वह बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। बुधवार शाम युवती वाई ब्लॉक मंगोलपुरी से विजय विहार स्थित अपने घर जा रही थी। मंगल बाजार रोड बुध विहार फेज-वन के पास एक कार सवार दो युवक उस पर फब्तियां कसने लगे।
दोनों युवक शराब के नशे में थे। युवती के विरोध करने पर दोनों आरोपी उसे खींचकर कार में डालने लगे। युवती ने हिम्मत कर दूध की डेयरी से पनीर काटने वाला चाकू उठा लिया और युवकों का विरोध करते हुए पुलिस को घटना की जानकारी दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।