दहेज में कार की मांग पूरी न करने पर ग्रेटर नोएडा में ससुरालियों ने विवाहिता को घर से मारपीट कर निकाल दिया।
पीड़िता के पिता की ओर से पति समेत चार के खिलाफ कोतवाली में घटना की तहरीर देकर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूरजपुर निवासी अख्तर ने कासना कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उन्होंने करीब पांच साल पहले अपनी दो बेटियों की शादी तुगलपुर में की थी।
यह भी पढ़ें: 500 रुपये नहीं देने पर लगा दिया रेप का आरोप
हैसियत के मुताबिक शादी में दान दहेज दिया गया था। लेकिन ससुरालियों ने दहेज में कार मांगनी शुरू कर दी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुरालियों ने उसकी एक बेटी को मारना-पीटना शुरू कर दिया और उसे भगा दिया।
कुछ दिन बाद ही ससुरालियों द्वारा कार की मांग दूसरी बेटी से करनी शुरू कर दी। उनकी बेटी ने ससुरालियों को समझाया कि मायके वाले कार देने की स्थिति में नहीं है। लेकिन ऐसा कहने पर ससुररालयों ने उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया।
बृहस्पतिवार देर रात को ससुरालियों द्वारा उसे मारपीट करके घर से निकाल दिया और चेतावनी दी कि अगर दहेज में कार नहीं ला सकती है तो वह घर में न आए। पीड़ित पिता की तहरीर को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।