सराय रोहिल्ला इलाके में रक्षक ही भक्षक बन गया। छेड़छाड़ की शिकायत करने वाली एक महिला की मदद करने के बजाए एक सिपाही ने महिला को ही अपने चंगुल में फंसाने की कोशिश की। हद तो तब हो गई जब गत शुक्रवार रात सिपाही महिला के घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।
मामला संज्ञान में आते ही पुलिस अधिकारियों ने सिपाही को निलंबित कर दिया और उसके खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक 30 वर्षीय महिला पति और चार बच्चों के साथ जखीरा इलाके में रहती है।
करीब एक माह पहले महिला ने पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत इंद्रलोक पुलिस चौकी में की थी। मामले की जांच की जिम्मेदारी बीट कांस्टेबल राजकुमार का दी गई।
महिला का आरोप है कि राजकुमार मामले की जांच करने के बजाए उसके पीछे हाथ धोकर पड़ गया। सिपाही महिला का फोन नंबर लेकर उसे लगातार परेशान करने लगा।
आरोप यहां तक है कि वह महिला पर शारीरिक संबंध बनाने का दवाब डालने लगा। राजकुमार उसे फोन कर पति की गैर मौजूदगी में घर बुलाने के लिए कहने लगा।