दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने लिफ्ट देकर आंखों में मिर्च डालकर लूटने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान तिलक नगर दिल्ली निवासी परमजीत सिंह उर्फ बबलू (32) सुनील उर्फ सोनी (30) और विक्की (31) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट में इस्तेमाल की जाने वाली महिंद्रा जायलो कार के अलावा लूटे गए तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए है। पुलिस की मानें तो मिर्ची गैंग के नाम से जाने जाने वाले गैंग के बदमाश रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, धौलाकुंआ व आजादपुर समेत अन्य इलाकों में वारदातों को अंजाम देते थे।
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक चांद ने बताया कि 17 अगस्त को उनकी टीम को सूचना मिली थी कि कुख्यात मिर्ची गैंग के कुछ बदमाश जनकपुरी इलाके में आने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया।