दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इलू गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाश ऑटो में सवारियों को बिठाकर उन्हें सुनसान जगह पर लूट लेते थे। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से गीता कॉलोनी में हुई लूटपाट के मामले को सुलझाने का दावा किया है। इनके पास से पुलिस ने तीन मोबाइल और एक लैपटॉप बरामद किया है। आरोपियों की पहचान खालिद खान, आकिफ अहमद और अब्दुल सबूर खान के रूप में हुई।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि गीता कॉलोनी में रहने वाला प्रतीक वर्मा गुरुग्राम की एक कंपनी में काम करता है। 18 फरवरी को वह गुरुग्राम से लक्ष्मी नगर पहुंचने के बाद गीता कॉलोनी जाने के लिए एक ऑटो में बैठा। उसमें चालक के अलावा दो युवक पहले से सवार थे। गीता कॉलोनी में ताज एंक्लेव के पास पहुंचते ही चालक और उसके दोनों सहयोगियों ने प्रतीक की पिटाई शुरू कर दी और उसका मोबाइल और लैपटॉप छीनकर फरार हो गए।
प्रतीक की शिकायत पर गीता कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। अगले दिन क्राइम ब्रांच में तैनात एएसआई सुधीर को सूचना मिली कि लूटपाट करने वाले दो बदमाश त्रिलोकपुरी में मौजूद हैं। पुलिस टीम ने तुरंत छापा मारकर त्रिलोकपुरी निवासी खालिद खान और आकिफ अहमद को गिरफ्तार कर लिया। आकिफ के पास से प्रतीक का मोबाइल मिल गया। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर तीसरे बदमाश त्रिलोकपुरी निवासी अब्दुल सबूर खान को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लैपटॉप मिल गया। खालिद के घर से लूटे गए दो अन्य मोबाइल मिल गए।