वसंतकुंज नॉर्थ इलाके में शनिवार शाम सरेराह कार सवार युवकों ने 21 साल की एक युवती को अगवा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ भी की। इस दौरान पीड़िता के शोर मचाने से आरोपी फरार हो गए।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक आरोपी को दबोच लिया। आरोपी की पहचान घिटोरनी निवासी रोहित चौधरी (22) के रूप में हुई है। पुलिस उसके दूसरे साथी की तलाश कर रही है।
दक्षिण जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सपना (बदला हुआ नाम) परिवार के साथ रंगपुरी इलाके में रहती है। वह पॉकेट-बी-सी में एक ब्यूटी पार्लर में नौकरी करती है। शनिवार शाम 7.30 बजे वह ब्यूटी पार्लर से पैदल घर जाने के लिए निकली थी। इस दौरान रास्ते में दो युवकों ने उसे अपनी कार में घसीटने का प्रयास किया।