डिजाइनर रोहित बल को शुक्रवार को अपने पड़ोसी से झगड़ा करने के मामले में गिरफ्तार किया गया। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया।
बता दें कि दिल्ली की डिफेंस कॉलोनी में बृहस्पतिवार देर रात करीब तीन बजे पार्किंग स्पेस को लेकर रोहित बल का अपने पड़ोसियों से झगड़ा हुआ। इसके बाद 3 बजकर 22 मिनट पर पीसीआर को कॉल की गई।
पुलिस सूचना मिलने पर तत्काल वहां पहुंची और रोहित बल के साथ उनके कुक और ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया। बाद में शुक्रवार को सुबह उन्हें बेल पर रिहा कर दिया गया।
रोहित बल के पड़ोसी का आरोप है कि रात 3 बजे रोहित ने दरवाजा खटखटाया और जैसे ही वो निकले रोहित ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया। इसके बाद पड़ोसी ने पुलिस को फोन कर इसकी सूचना दी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक उस वक्त रोहित बल नशे में भी था। उनपर आईपीसी की धारा 427, 451, 510 और 506 और 534 के तहत केस दर्ज किया गया है।
इन धाराओं के अनुसार रोहित पर सार्वजनिक जगहों पर मारपीट करना, शराब पीकर दुर्व्यवहार करना, धमकी देना, अवैध तरीके से अतिक्रमण करने का आरोप लगा है। सभी आरोपियों को जमानत दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।