पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर स्थित कोंडली नहर से सोमवार सुबह एक 30 वर्षीय महिला का शव मिला है। महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर उसकी पहचान करने में जुटी हुई है।
विज्ञापन
वहीं सोमवार सुबह केएन काटजू मार्ग थाना इलाके में पुलिस को एक पेड़ से युवक की लटक रही लाश मिली। प्रथम दृष्टया में पुलिस इसे खुदकुशी का मामला मान कर जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि कोंडली नहर में एक महिला की लाश पड़ी है। महिला ने हरे रंग के सलवार सूट पहन रखा है। पुलिस का कहना है कि लाश करीब 30 घंटे पुरानी है। आशंका है कि महिला की कहीं अन्य जगह पर हत्या करने के बाद उसकी लाश को नहर में फेंका गया है।
विज्ञापन
पेड़ से लटका मिला युवक का शव
वहीं, पुलिस को केएन काटजू थाना क्षेत्र के कोने वाले पार्क में सोमवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटके होने की सूचना मिली। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर उसे कब्जे में कर लिया। मरने वाले युवक की पहचान लालू (22) के रूप में हुई।
मूलत: पीलीभीत उत्तर प्रदेश की रहने वाला लालू प्रशांत विहार इलाके में रहता था और टायर पंचर की दुकान में काम करता था। उसके पास से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
पुलिस दोनों की मामलों की जांच कर रही है।
चाकू से गोदकर किशोर की हत्या
उत्तर-पूर्वी जिले के हर्ष विहार इलाके में हत्या मामले के गवाह व्यक्ति के बेटे की हत्या करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पुलिस भी उनकी कोई सहायता नहीं कर रही थी। साथ में गवाही नहीं देने को लेकर भी धमकियां मिल रही थीं। मृतक किशोर की पहचान कई दिन बाद हुई है।
उत्तर-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार 25 सितंबर को सुबह हर्ष विहार के मिलन गार्डन के पास जंगल में 15 वर्षीय किशोर का शव मिला था। पुलिस ने शव को अस्पताल में पहचान के लिए रखवा दिया था। अब मृतक की पहचान रिजवान के रूप में हुई है।
वह गाजियाबाद की साहिबाबाद स्थित पप्पू कॉलोनी में परिवार के साथ रहता था। उसकी चाकू से गोदकर हत्या की गई है।
घर से निकला पर लौटा नहीं
रिजवान 24 सितंबर को अपने घर काम से लौटा था। उसे ठेकेदार से कुछ पैसे मिलने थे। इसके लिए वह रात आठ बजे घर से निकल गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा था। परिजनों ने 25 सितंबर को साहिबाबाद थाने की शालीमार गार्डन पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उसी दिन दिल्ली के हर्ष विहार थाना इलाके में किशोर का शव मिल गया था। परिजनों ने हाथ पर गुदे आर अक्षर व कपड़ों से परिजनों ने रिजवान के शव की पहचान की है। रिजवान के पिता औसाद अली ने आरोप लगाया कि चौकी पुलिस ने उनकी कोई मदद नहीं की थी।
गत 20 सितंबर को उनके घर के सामने इस्लामुद्दीन सैफी नामक व्यक्ति की हत्या हो गई थी। हत्या के इस मामले में औसाद गवाह थे। आरोप है कि गवाह बनने के बाद उसे व परिवार केअन्य सदस्यों को धमकियां मिल रही थीं। ये भी आरोप है कि पुलिस वालों ने गवाही न देने की धमकी दी थी।
डाबडी थाना इलाके में सोमवार सुबह मित्तल डेंटल अस्पताल की दीवार गिर गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। वहीं घायल मजदूरों राहुल (20) और जग्गी (22) की पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज कर लिया है। मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस के अनुसार, राजापुरी में मित्तल डेंटल अस्पताल की प्रथम मंजिल पर डॉक्टर रहते हैं। इन दिनों उसमें निर्माण कार्य चल रहा है।
बताया रहा है कि दीवार को गिराया जा रहा था। सोमवार करीब पौने बारह बजे दीवार ढह गई। वहां काम कर रहे तीन मजदूर मलबे में दब गए।