अखिल भारतीय हिंदू महासभा के नेता स्वामी चक्रपाणि की हत्या की साजिश के सिलसिले में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम व छोटा शकील की गिरफ्तारी के लिए अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किया है।
दाऊद व शकील पर आरोप है कि दोनों ने चक्रपाणि की हत्या की सुपारी दी थी। पटियाला हाउस स्थित महानगर मुख्य दंडाधिकारी सुमित दास ने दिल्ली पुलिस की अर्जी पर दाऊद व शकील की गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट जारी किया है।
पुलिस के मुताबिक चक्रपाणि ने 2015 में दाऊद की कार मुंबई में खरीदी थी और गाजियाबाद लाकर उसमें आग लगा दी। दिल्ली पुलिस ने जून 2016 में चार लोगों जुनैद, रौजर, युनूस व मनीष को चक्रपाणि की हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
पुलिस का दावा है कि जुनैद ने शकील द्वारा उन्हें पैसा दिए जाने की बात पूछताछ में कबूल की है। वह दाऊद की कार जलाने वाले को सबक सिखाने के लिए चक्रपाणि का खात्मा करवाना चाहता था। पुलिस ने इनके कब्जे से दो पिस्टल व दस कारतूस बरामद किए थे।