फरीदाबाद के जवाहर कॉलोनी में किराना व्यापारी देवीलाल ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ उनकी मां को अगवा करने का प्रयास करने और बीस लाख रुपये की रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि पुलिस अगवा किए जाने की घटना को संदिग्ध मान रही है।
देवीलाल की एयरफोर्स मोड़ पर गर्ग ट्रेडिंग कंपनी के नाम से परचून की दुकान है। उनके मुताबिक 28 अगस्त को उनकी माता कपड़ा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में पूजा करने गई थीं। आरोप है कि उस दौरान एक नकाबपोश व्यक्ति मोटर साइकिल पर उनकी माता के पास आया और कहा कि उनके बेटे ने उन्हें जरूरी काम से बुलाया है। मां ने मना किया तो बाइक सवार उन्हें पकड़कर जबरन बाइक पर बैठाने लगा। उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी भाग निकला।
देवीलाल के मुताबिक 31 अगस्त को वह दुकान पर थे, दोपहर 1:53 बजे उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने उनसे 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये नहीं देने पर परिवार को जान से मारने और बेटे को अगवा करने की धमकी दी गई थी। मामले की जांच कर रहे एएसआई चमनलाल ने बताया कि एसएमएस की डिटेल चेक की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ा जाएगा।