नांगलोई में बाइक सवार बदमाश एक बुजुर्ग से एक लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के समय बुजुर्ग बैंक से रुपये निकालकर घर आ रहा था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार, सीताराम सपरिवार नांगलोई में रहते हैं। वह सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्त हैं। शनिवार दोपहर वह नांगलोई स्थित सिंडिकेट बैंक से रुपये निकालने गए थे। वहां से एक लाख रुपये निकालने के बाद उसे थैले में रखकर पैदल ही घर आ रहे थे।
इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उसके पास आकर रुके। एक बदमाश उसके हाथ से थैला छीनने लगा। सीताराम के विरोध करने पर बदमाश ने उसे धक्का दे दिया। धक्का लगने से वह नीचे गिर गया और बदमाश थैला छीनकर फरार हो गए।
पुलिस अधिकारियों ने आशंका जताई कि बदमाश बैंक के पास से ही पीड़ित का पीछा कर रहे होंगे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।